कोरबी, चोटिया और तनेरा अंचल में गूंजे कान्हा के जयकारे, मटकी फोड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
विशेष रिपोर्ट: सुशील जायसवाल
कोरबी/तनेरा। कोरबी सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और विभिन्न स्वरूपों पर आधारित धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना, आकर्षक श्रृंगार, भजन-कीर्तन और झांकियों का आयोजन हुआ। वहीं मटकी फोड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने पर्व के उत्साह को और बढ़ा दिया।
दिनभर पूरा ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” और “राधे-कृष्ण” के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की और देर रात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं महाआरती में शामिल हुए।
कोरबी बस स्टैंड में डीजे की धुन पर फूटी दही-हांडी
कोरबी बस स्टैंड परिसर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी मटका फोड़ एवं दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
डीजे की धुन और भजनों के बीच बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
ऊंचाई पर बांधी गई दही-हांडी को फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियों के बीच जमकर मुकाबला हुआ। प्रतिभागियों ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी और दही-हांडी लूटकर उत्सव मनाया।
सफल प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में चंदन जायसवाल, अतुल जायसवाल सहित स्थानीय युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।
तनेरा में मटका फोड़, कबड्डी और रस्साकशी ने बढ़ाया उत्साह
ग्राम पंचायत तनेरा में स्कूल प्रांगण के सामने मंच चौक पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें मटका फोड़, कबड्डी और रस्साकशी जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दही-हांडी एवं कबड्डी प्रतियोगिता में जमतीपारा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों मनीष, छोटू, धोनी, संतोष, द्वारिका, तुलेश्वर, अंशु, गोलू, संजय, प्रियांशु, प्रदीप, रवि और सतीश को ₹1,500 की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
व्यक्तिगत मटका फोड़ प्रतियोगिता में सोनाली यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें ₹500 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं महिला एवं बालिका वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में सड़कपारा की टीम विजेता रही। विजेता टीम को ₹1,000 की पुरस्कार राशि ग्राम पंचायत तनेरा के सरपंच प्रतिनिधि सरवन मरपची ने प्रदान की।
ग्रामीणों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आयोजन समिति की ओर से नकद पुरस्कार एवं आकर्षक उपहार रखे गए थे। कार्यक्रम में निशांत नेटी, मिरीत पोर्ते, कमलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कोरबी पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। पुलिस की मौजूदगी में सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरे अंचल में दिनभर उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। देर रात तक श्रद्धालु महाआरती एवं प्रसाद वितरण में शामिल हुए और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए।
