बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 18 जून 2026। प्रदेश में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को टीपी नगर तुलसीनगर स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय सिंह अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

दोपहर 3 बजे इंदिरा स्टेडियम रोड स्थित बिजली कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि कर आम जनता, किसानों, मजदूरों तथा छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।

सभा को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऐसे में बिजली दरों में बढ़ोतरी जनविरोधी निर्णय है। उन्होंने सरकार से तत्काल बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग की और कहा कि कांग्रेस जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली आम नागरिकों की मूलभूत आवश्यकता है और दरों में लगातार वृद्धि से हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बिजली कार्यालय का घेराव कर सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।