✍️ भागीरथी यादव
अयोध्यापुरी में समिति की सराहनीय पहल, त्योहार की खुशियां बांटकर बच्चों के चेहरों पर लाई मुस्कान
अयोध्यापुरी। सामाजिक सरोकार और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए श्री श्री नव युवा मां दुर्गा उत्सव समिति, अयोध्यापुरी द्वारा जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों के बच्चों के बीच वस्त्र और पटाखों का वितरण किया गया। समिति के इस सराहनीय प्रयास से बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

समिति के सभी सदस्यों के आपसी सहयोग एवं सहभागिता से आयोजित इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी त्योहार की खुशियों में शामिल करना और उनके जीवन में मुस्कान लाना था। वस्त्र एवं पटाखे पाकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही सच्ची सेवा है। त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक उनका आनंद पहुंचे। भविष्य में भी समिति द्वारा इस तरह के सामाजिक एवं जनहितकारी कार्य किए जाते रहेंगे।
समिति की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
