✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 18 जून 2026। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 137 पौवा अवैध देशी शराब, नगदी राशि तथा दो वाहन सहित कुल 1 लाख 34 हजार 660 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
पहले मामले में युवक गिरफ्तार
पुलिस ने नहर पार भट्ठी रोड, दानीटोला के पास घेराबंदी कर चन्द्रप्रकाश बचेकर (28 वर्ष) को अवैध शराब परिवहन करते हुए पकड़ा। आरोपी के पास से 57 पौवा देशी शराब, 6,200 रुपये नकद और एक स्कूटी जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत 25,760 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

दूसरे मामले में दो आरोपी दबोचे गए
दानीटोला शराब भट्ठी के पास पुलिस ने दबिश देकर मुकेश कुमार नागेश (34 वर्ष) एवं उदय नागेश (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 80 पौवा देशी मसाला शराब, 900 रुपये नकद तथा एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 8 हजार 900 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास अवैध शराब, गांजा या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।
धमतरी पुलिस का संदेश — “सुरक्षित धमतरी, नशामुक्त धमतरी”।
