✍️ भागीरथी यादव
धमतरी/मगरलोड। खुद को बजरंग दल और पुलिसकर्मी बताकर पिकअप सवार लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने, अपहरण और लूट की वारदात में शामिल दो फरार आरोपियों को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित से कुल 43,800 रुपये की लूट की थी।
घटना 3 मार्च 2026 की है। देवेन्द्र कुमार मारकण्डे अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे। इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने खुद को “बजरंग दल एवं पुलिस वाला” बताते हुए उन्हें धमकाया और मारपीट की।
इसके बाद आरोपियों ने देवेन्द्र का कथित रूप से अपहरण कर उसे दुगली की ओर ले गए। रास्ते में उससे 13,800 रुपये नकद और PhonePe के जरिए 30,000 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए।
मगरलोड पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पहले ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार, दो मोबाइल और नकदी समेत करीब 7.58 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई थी।
वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे विकास आडिल (22) और साहिल अली (23) की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस ने दोनों की घटना में संलिप्तता सामने आने की बात कही है। उनके हिस्से की बची हुई लूट की रकम भी बरामद की गई।
दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
