✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के गेवराघाट स्थित आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क तुलसीनगर में वरिष्ठ त्यागी, तपस्वी एवं समर्पित राजयोगी ब्रह्माकुमार डॉ. अनंगपाल पाण्डेय की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों एवं परिजनों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सेवा, त्याग एवं समर्पण को याद किया।

कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया, डॉ. अनंगपाल पाण्डेय के बड़े भाई विश्वामित्र पाण्डे एवं छोटे भाई आदित्य पाण्डे सहित पंचतत्व एवं पंचाग्य चिकित्सक डॉ. धीरेन्द्र यादव, होम्योपैथिक चिकित्सक रोशनी सिंह, हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. के.सी. देवनाथ तथा स्थानीय सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी और जमनीपाली सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी बिन्दु दीदी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर स्थानीय प्रभारी बीके रुक्मणी दीदी ने डॉ. पाण्डेय के जीवन को त्याग और ईश्वरीय सेवा के प्रति समर्पित बताया। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि बड़े पद पर रहते हुए भी डॉ. पाण्डेय में किसी प्रकार का अभिमान नहीं था। उनके परिजनों ने भी उनके व्यक्तित्व और समाजसेवा से जुड़े कार्यों को याद किया। अंत में आदित्य शर्मा (पूर्व मैनेजर एसबीआई, बालको) ने श्रद्धांजलि गीत प्रस्तुत कर अपने भाव व्यक्त किए।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन
पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा एवं ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एलोपैथिक, पंचतत्व एवं पंचाग्य चिकित्सा से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन कुमार मिश्रा, डॉ. नेहा धृतलहरे, आयुष चिकित्सक डॉ. शरद चन्द्र, डॉ. राहुल जयसवाल, योग चिकित्सक डॉ. सुषमा चौहान सहित होम्योपैथी से फार्मासिस्ट संतोषी पैकरा एवं किरण साहू और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। आयोजन के माध्यम से श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ स्वास्थ्य सेवा का संदेश भी दिया गया।
