✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/बांकीमोंगरा, 21 सितंबर 2026। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सिंघाली जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर मौके से नकदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन समेत कुल 11 लाख 56 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 74,500 रुपये नकद, 14 एंड्रॉयड मोबाइल और एक की-पैड मोबाइल समेत कुल 15 मोबाइल फोन तथा बुलेट व स्कूटी सहित 15 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। जब्त मोबाइल की कीमत करीब 2 लाख 82 हजार रुपये और वाहनों की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से शिवमोहन सिंग (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमीत यादव (28), अभिमन्यु सिंग (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोरबा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है। संयुक्त पुलिस कार्रवाई के बाद जुआ खेलने वालों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
कई थाना क्षेत्रों में जुए के फड़ों की चर्चा, पुलिस की नजर कब पड़ेगी?
बांकीमोंगरा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में जुए के कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेलने और खिलाने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस की नजर अब अन्य संभावित जुए के फड़ों पर भी पड़ेगी? सिंघाली जंगल में हुई कार्रवाई के बाद अब लोगों की नजर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।
