सुशील जयसवाल
कोरबी-चोटिया। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरबी पुलिस ने ग्राम पीकरकुण्डा पाली में कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 250 बोतलें जब्त की हैं। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की शाम करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पीकरकुण्डा पाली में नोहर सिंह ओरकेरा के घर के पास सीसी रोड पर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर तथा एसडीओपी कटघोरा विजय राजपूत के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना की गई।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही बाइक के पास मौजूद व्यक्ति भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया। मौके की तलाशी लेने पर बाइक के पास पांच खाकी रंग के कार्टून मिले। इनमें 180 एमएल क्षमता वाली मध्यप्रदेश निर्मित ‘गोवा व्हिस्की’ की कुल 250 बोतलें बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 45 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने शराब की कीमत 33,750 रुपये तथा मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताते हुए कुल 53,750 रुपये का माल जब्त किया है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की पहचान के लिए मोटरसाइकिल के पंजीयन दस्तावेजों की आरटीओ से जांच कराई जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश जारी है।
