KORBA BREKING: जटगा में हाईवे पर टकराए तीन वाहन, घंटों जाम में फंसी यात्री बसें…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

जटगा के पास खड़े ट्रेलर से टकराए दो भारी वाहन, एक चालक घायल; सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार

कोरबा, 21 सितंबर। जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार सुबह करीब 7 बजे तीन वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और करीब चार घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। दुर्घटना में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि एक चालक घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सरिया लदा एक ट्रेलर खराब होने के कारण हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक भारी वाहन ने खड़े ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कुछ देर बाद पीछे से आ रहा तीसरा वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों से जा भिड़ा। लगातार हुई टक्करों में तीनों वाहनों को क्षति पहुंची।

हादसे में एक ट्रेलर चालक को चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री बसों समेत बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। कई यात्रियों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। वाहनों को हटाने के बाद करीब चार घंटे में हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

इधर, स्थानीय लोगों ने हाईवे पर खराब होकर खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसे वाहनों के आसपास पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पीछे से आने वाले वाहन चालकों को समय रहते खतरे का पता चल सके और हादसों की संभावना कम हो।