✍️ भागीरथी यादव
कोरबा के केराकछार गांव की घटना, समय पर अस्पताल पहुंचने से बची दोनों की जान; पुलिस कर रही जांच
कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराकछार में एक नवविवाहित दंपति ने मामूली घरेलू विवाद के बाद जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की तत्परता और समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय अकील सिंह रथयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान उसकी 21 वर्षीय पत्नी किरण सिंह ने भी साथ चलने की इच्छा जताई, लेकिन अकील ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया और अकेले ही कार्यक्रम में चला गया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच नाराजगी बनी रही।
बताया जा रहा है कि अकील के देर रात घर लौटने के बाद अगले दिन सुबह दोनों के बीच फिर इसी मुद्दे पर विवाद हो गया। गुस्से में पहले किरण ने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया। पत्नी के जहर खाने की जानकारी मिलते ही अकील ने भी आवेश में आकर वही कदम उठा लिया और जहर का सेवन कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार समय रहते अस्पताल पहुंच जाने के कारण दोनों की जान बच गई और अब उनकी स्थिति स्थिर है।
घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने पति-पत्नी के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रथयात्रा में साथ न ले जाने को लेकर हुए विवाद के बाद यह कदम उठाया गया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अकील और किरण की शादी लगभग एक वर्ष पहले सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। किरण मूल रूप से धरमजयगढ़ क्षेत्र के जमरगी डीह गांव की रहने वाली है और विवाह के बाद से अपने पति के साथ केराकछार गांव में रह रही थी। इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है, वहीं पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि पारिवारिक विवादों का समाधान बातचीत से करें और आवेश में कोई ऐसा कदम न उठाएं, जिससे जीवन संकट में पड़ जाए।
