✍️ भागीरथी यादव
रक्षाबंधन पर मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद, घटना के बाद से पति फरार; पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक महिला का सड़ा-गला शव उसके ही घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान करीब 35 वर्षीय संतोषी उरांव के रूप में हुई है। महिला के लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। घटना के बाद से उसका पति मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर मायके जाने को लेकर संतोषी का पति मनोज से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान महिला के साथ मारपीट की गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला की मौत के बाद शव को घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया।
बताया गया कि 5 सितंबर को संतोषी का भाई अपनी बहन से मिलने बरपाली पहुंचा था। इस दौरान मनोज ने उसे बताया कि संतोषी रक्षाबंधन से एक दिन पहले घर से कहीं चली गई है। इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने आसपास तथा परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
19 सितंबर को रिश्तेदार दोबारा बरपाली पहुंचे तो घर में ताला लगा मिला और मनोज भी वहां मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर श्यांग पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान सेप्टिक टैंक से महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार, चिकित्सक और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पति मनोज उरांव की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में हत्या हुई है या महिला की मौत की कोई अन्य वजह है, इसकी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
