✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 14 अमरिया पारा में मुख्य सार्वजनिक मार्ग पर कथित अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरोध में वार्डवासियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रदर्शन को समर्थन दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के मुख्य द्वार पर पहुंचकर जोरदार विरोध जताते हुए सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार, अमरिया पारा में नवधा पंडाल के पास मुख्य सार्वजनिक मार्ग पर मकान निर्माण, कॉलम और दीवार निर्माण किए जाने से रास्ता प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि इससे आम लोगों के आवागमन के साथ ही एंबुलेंस, स्कूल बस और अन्य वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है।
मामले को लेकर वार्डवासियों की ओर से पूर्व में भी नगर निगम प्रशासन को लिखित शिकायत दिए जाने की बात कही गई है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान नगर निगम प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर कथित अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर आम लोगों के आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए। वहीं, मामले को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की ओर से निगम प्रशासन को तीन दिन में कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिए जाने की बात कही गई है।
