✍️ भागीरथी यादव
दीवार के सहारे खंभे पर चढ़ा, करंट लगते ही नीचे गिरा; मानिकपुर पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं की कर रही जांच
कोरबा। जिले के मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। डिपर पारा निवासी 40 वर्षीय लव कुश साहू की 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद लव कुश घर के बाहर दीवार के सहारे बिजली के खंभे पर चढ़ गया और 11 केवी लाइन के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लगा। करंट लगने के बाद वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक लव कुश साहू अपनी पत्नी बिंदा साहू और बच्चों के साथ डिपर पारा में रहता था तथा हमाली का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
