दर्री क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग, पार्षद सरोज शांडिल्य ने शिक्षा मंत्री को सौंपा आवेदन

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। दर्री क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर वार्ड पार्षद सरोज शांडिल्य ने छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री को आवेदन सौंपा है। उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

पार्षद सरोज शांडिल्य ने आवेदन में उल्लेख किया है कि दर्री क्षेत्र एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं निवास करते हैं। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए शासकीय महाविद्यालय नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों को समय के साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि दर्री क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना होने से आसपास के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को इसका बड़ा लाभ मिलेगा और उच्च शिक्षा उनके लिए अधिक सुलभ हो सकेगी।

पार्षद ने शिक्षा मंत्री से दर्री क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।