Breking: गुरसिया मोड़ के पास पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में लगी भीषण आग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कटघोरा। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर गुरसिया मोड़ के पास गुरुवार को पेट्रोल और डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर में अचानक आग लग गई। टैंकर से आग की ऊंची लपटें उठने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। टैंकर में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ भरा होने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्राफनगर की ओर जा रहा था। चालक गुरसिया के पास स्थित ढाबे में भोजन करने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही चालक ने वाहन को दोबारा स्टार्ट किया, इंजन के हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर में आग लगने के कारण पुलिस और राहत दल विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह है कि घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।