✍️ भागीरथी यादव
रतनपुर। थाना रतनपुर पुलिस ने घर में घुसकर गुल्लक से 33 हजार रुपये चोरी करने के मामले में एक आरोपी युवक सहित नाबालिग को चंद घंटों में पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम मदनपुर निवासी नीलम श्यामले ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कुछ दिनों से घर पर नहीं थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर का दरवाजा धक्का देकर अंदर घुसा और गुल्लक में रखी नगदी रकम चोरी कर ले गया। शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस में रहने वाले दो व्यक्तियों पर संदेह हुआ। संदेही गौरव श्यामले (19), निवासी मदनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर घर से गुल्लक चोरी करने और उसे तोड़कर उसमें रखे करीब 33 हजार रुपये आपस में बांटने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने चोरी की रकम से मोबाइल फोन खरीदे और कुछ रकम खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपी गौरव श्यामले और नाबालिग से दो मोबाइल फोन बरामद किए। आरोपी को गिरफ्तार कर तथा नाबालिग के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल साहू, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।
