✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। वार्ड क्रमांक 49 स्थित राजीव नगर प्राथमिक शाला को माध्यमिक शाला में उन्नयन करने की मांग को लेकर पार्षद श्रीमती प्रीति दिनेश शर्मा ने कल छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव से भेंट कर पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़ी समस्याओं और विद्यालय के उन्नयन की आवश्यकता से मंत्री को अवगत कराया।

पार्षद ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से प्राथमिक शाला का संचालन हो रहा है, जहां आसपास के श्रमिक परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। प्राथमिक शिक्षा पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर स्थित विद्यालयों में जाना पड़ता है। दूरी अधिक होने से विशेषकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने विद्यार्थियों के हित में प्राथमिक शाला को माध्यमिक स्तर तक उन्नयन किए जाने की मांग की। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विषय को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पार्षद ने मंत्री के सकारात्मक रुख के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजीव नगर के बच्चों को बेहतर शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए यह पहल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के उन्नयन से क्षेत्र के बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।
