✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सतरेगा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल स्थित एक रिसॉर्ट में विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा मिलने से हड़कंप मच गया। सांप दिखाई देने पर रिसॉर्ट मैनेजर इस्तिखार खान ने वन विभाग और नोवा नेचर संस्था को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही वन विभाग के मार्गदर्शन में बालको रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में स्नेक रेस्क्यू टीम के जितेंद्र सारथी और सिद्धांत जैन मौके पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

मीटर बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपे किंग कोबरा को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान रेस्क्यू देखने के लिए पर्यटकों की भीड़ भी जमा हो गई। टीम ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।
पंचनामा कार्रवाई के बाद किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू टीम के अनुसार जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में लगातार किंग कोबरा दिखाई दे रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से सांप दिखने पर दूरी बनाए रखने और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देने की अपील की है।
