✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। थाना अर्जुनी क्षेत्र के ग्राम कंडेल में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना 6 सितंबर की रात करीब 9 बजे गांव के गौठान स्थित बरगद पेड़ के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कंडेल निवासी पारसमणी साहू (34) राजमिस्त्री का काम करता था। घटना के समय वह गौठान के पास मौजूद था। इसी दौरान पूर्व विवाद और मामूली रंजिश के चलते आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पारसमणी साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों तथा संदिग्धों से पूछताछ की।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर ग्राम कंडेल निवासी यावेन्द्र कुमार ध्रुव (18 वर्ष 1 माह), पिता दिनेश कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एडिशनल एसपी डी.सी. पटेल ने बताया कि ग्राम कंडेल में हुई हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा उपलब्ध तकनीकी, फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
