✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में सोमवार को दीक्षारम्भ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत एवं कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

समारोह में मंत्री श्री देवांगन ने महाविद्यालय की करीब 1500 छात्राओं को सीएसआर के माध्यम से एजुकेशन किट वितरित की। उन्होंने नवप्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, उतना ही परिवार, समाज और प्रदेश सशक्त होगा। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपनी सफलता का आधार बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में डीएमएफ से विशाल डोम की सौगात दी गई है। इसी तर्ज पर जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी विशाल डोम निर्माण की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मेहनत से सफलता के शिखर तक पहुंचें बेटियां : महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और संघर्ष से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शिक्षा डीएमएफ की प्राथमिकता : कलेक्टर
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ के कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि जिले के विद्यार्थियों को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में अध्ययन के लिए आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से परीक्षा परिणाम और उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती वर्षा वैष्णव, श्री नरेंद्र देवांगन, महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती पपिया चतुर्वेदी, श्रीमती संध्या पांडे, श्रीमती श्रेणी दिवाकर, श्रीमती अमृता सक्सेना, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, श्री भागवत पटेल, श्रीमती वर्षा तंवर एवं श्री युवराज चंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
