✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। हसदेव ताप विद्युत गृह, कोरबा पश्चिम स्थित 210×4 ताप विद्युत संयंत्र में कार्यरत ठेका कर्मचारियों और ठेकेदार के बीच विवाद गहराता जा रहा है। कर्मचारियों द्वारा वेतन और अन्य समस्याओं को लेकर आवाज उठाने के बाद अब मामला खुलकर सामने आ गया है। कर्मचारियों ने ठेकेदार पर धमकी, प्रताड़ना और दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में मुख्य अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत भी सौंपी गई है।

शिकायत में कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि लगभग 10 वर्षों से संयंत्र में कार्यरत कर्मचारियों को वेतन की मांग करने पर काम से निकालने, स्थानांतरण करने तथा मानसिक दबाव बनाने की धमकी दी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से वे अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी बीच ठेकेदार का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपनी सफाई देते हुए और पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। एक ओर कर्मचारी ठेकेदार पर शोषण और प्रताड़ना के आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ठेकेदार अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बता रहा है।
नाराज कर्मचारियों का कहना है कि यदि 72 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
फिलहाल मामले को लेकर संयंत्र परिसर में चर्चा का माहौल है और सभी की नजरें प्रबंधन एवं अधिकारियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। दोनों पक्षों के वीडियो और शिकायत सामने आने के बाद जांच और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
