हथियार दिखाकर लूटपाट करने वाले दो गिरफ्तार देखें वीडियो…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

दो नाबालिग भी संरक्षण में, नकदी-मोबाइल समेत हथियार व वाहन बरामद

धमतरी। मानव वन मोड़ के पास रास्ता रोककर हथियार की नोक पर लूट करने वाले गिरोह का रुद्री पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की शाम ग्राम खिरकीटोला निवासी ढालसिंग नेताम मानव वन के आगे तालाब मोड़ से गुजर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में पहुंचे आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर धारदार हथियार दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए 6 हजार रुपये नकद तथा वीवो मोबाइल लूट लिया।

शिकायत के बाद रुद्री पुलिस ने साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदेहियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में घटना में संलिप्तता सामने आने के बाद आरोपियों की शिनाख्तगी कराई गई। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई रकम, मोबाइल, चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों में निशांत उर्फ दीपू ध्रुव (23) और भरत यादव (22) शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की गई है। मामले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं।