✍️ भागीरथी यादव
बलौदाबाजार-भाटापारा। साइबर ठगी की रकम को म्यूल बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने के मामले में पलारी पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि एक युवक ने महज 5 हजार रुपए के लालच में अपना स्कॉलरशिप खाता दूसरे युवक को सौंप दिया था। बाद में इसी खाते से ऑनलाइन गेमिंग और साइबर फ्रॉड की रकम का लेन-देन किया जा रहा था।
मामला राजस्थान के जयपुर निवासी कैलाशचंद सेन से हुई 1 लाख 8 हजार 644 रुपए की ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है। जांच के दौरान ठगी की रकम पलारी स्थित यूको बैंक के एक खाते में पहुंचने की जानकारी मिली। पुलिस ने खाताधारक खिलेंद्र वर्मा (21) से पूछताछ की।
खिलेंद्र ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता दीपेश मल्होत्रा (23) को दिया था। दीपेश ने कमीशन का लालच देकर खाता खुलवाया और उसका एटीएम, पासबुक व नया एयरटेल सिम अपने पास रख लिया था। पुलिस के अनुसार खाते में लाखों रुपए का संदिग्ध लेन-देन हुआ है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में साइबर अपराध के साथ म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल पर भी कार्रवाई तेज की गई है।
