✍️ भागीरथी यादव
बलरामपुर। लगातार बारिश के बीच अंबिकापुर-प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग की खराब हालत ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण कृषि मंत्री रामविचार नेताम शिक्षक दिवस कार्यक्रम में करीब दो घंटे देरी से पहुंचे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने मौके से ही कलेक्टर को जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, बारिश से पहले PWD विभाग ने मार्ग पर पेंच रिपेयर का काम कराया था, लेकिन कुछ ही समय बाद सड़क फिर उखड़ने लगी। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
दिन के समय चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में परेशानी और बढ़ जाती है। पानी से भरे गड्ढे नजर नहीं आने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
बलरामपुर-अंबिकापुर NH-343 पर निर्माण कार्य चलने के कारण यह PWD मार्ग फिलहाल मुख्यालय और अंबिकापुर के बीच आवागमन का अहम रास्ता बना हुआ है। ऐसे में सड़क की बदहाली से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
