✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छाती स्थित एनएच-30 हाईस्कूल के पास दो युवक हेरोइन बेचने की फिराक में आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.1 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये आंकी गई। साथ ही दो मोबाइल फोन (कीमत 10 हजार रुपये) और एक मोटरसाइकिल (कीमत 20 हजार रुपये) भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वाहिद खान (27 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद तथा केशवराम ध्रुव (26 वर्ष), निवासी संजय नगर, कुरूद के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
