✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 22 अगस्त। ग्राम करेलीबड़ी में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में सेलून संचालक पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला करने के मामले में करेलीबड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को ग्राम करेलीबड़ी में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर चम्मन लाल भारती (43) का सेलून संचालक टुकेश्वर उर्फ लालू सेन से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। घटना में टुकेश्वर के हाथ, घुटने और गाल में चोट आई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 115(2) और 118(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी व गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण और घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने ग्राम करेलीबड़ी कृषि मंडी की दीवार के पास से घटना में प्रयुक्त स्टील का धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी चम्मन लाल भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
