
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में चलती वाहनों पर ईंट-पत्थर फेंककर हादसा करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, घटना 20 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे ग्राम झाल मेन रोड की है। बलौदाबाजार निवासी अनवर अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वाहन क्रमांक CG07CB 0655 ट्रक, पीछे चल रही मेटाडोर और बरतोरी के आगे मेन रोड पर एक स्कॉर्पियो पर अज्ञात लोगों द्वारा ईंट-पत्थर फेंके गए। पत्थर लगने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चले गए, जिससे चालकों और वाहन में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं तथा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस ने विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की सूक्ष्मता से जांच की गई। इसके बाद संदेह के आधार पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में:
पंकज कुमार ध्रुव (21 वर्ष), निवासी नयापारा वार्ड क्रमांक 16 टेंगा, जिला धमतरी
मोहन निषाद (30 वर्ष), निवासी कोहरौदा थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट, पत्थर और मोपेड जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
