
तखतपुर में एक विवाह समारोह उस समय सनसनी में बदल गया, जब खुशियों से भरे माहौल में अचानक हिंसक वारदात हो गई। तखतपुर हाईस्कूल के पास स्थित पाल मंगलम भवन में आयोजित शादी समारोह के दौरान रायपुर के टिकरापारा निवासी एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में पीड़ित की उंगली कटकर अलग हो गई, जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, रायपुर के टिकरापारा निवासी विजय धनगर 5 फरवरी को शादी समारोह में शामिल होने तखतपुर आए थे। कार्यक्रम के दौरान उनकी अजय पाली से सामान्य बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी बीच अजय पाली का पुत्र राज पाली उर्फ सोमू (23 वर्ष) वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि इसके बाद राज पाली ने अचानक धारदार हथियार से विजय धनगर पर हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ की मध्य उंगली कटकर अलग हो गई। खून से लथपथ हालत में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर शादी जैसे पारिवारिक आयोजनों में बढ़ती असहिष्णुता और हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







