कोरबा: पुराने बस स्टैंड की शराब दुकान हटाने की मांग, व्यापारी संघ ने आबकारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Oplus_16908288

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। शहर के व्यस्ततम हृदय स्थल ‘पुराना बस स्टैंड’ और मेन रोड क्षेत्र में संचालित सरकारी विदेशी शराब दुकान अब स्थानीय निवासियों और व्यापारियों के लिए जी का जंजाल बन गई है। इस समस्या को लेकर मध्य नगरीय व्यापारी संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने प्रदेश के आबकारी एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन को पत्र लिखकर इस दुकान को तत्काल किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

नियमों की धज्जियां उड़ा रही शराब दुकान

व्यापारी संघ ने अपने शिकायती पत्र में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ के अनुसार, यह शराब दुकान आबकारी नियमों के विपरीत संचालित हो रही है:

धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के पास: दुकान से मात्र 20-30 मीटर की दूरी पर मंदिर और 80-90 मीटर के दायरे में स्कूल स्थित है।

अस्पताल के करीब: पास ही रानी धनराज कुंवर सरकारी अस्पताल स्थित है, जहाँ मरीजों और उनके परिजनों का आना-जाना लगा रहता है।

घनी आबादी के बीच: यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है जहाँ व्यापारी अपने परिवारों के साथ दशकों से रह रहे हैं।

असामाजिक तत्वों का जमावड़ा और महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा

व्यापारियों का कहना है कि शराब दुकान के कारण सड़क पर ही शराबियों का मजमा लगा रहता है। नशे की हालत में शराबी आपस में मारपीट करते हैं और यहाँ से गुजरने वाली महिलाओं व छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी (छींटाकशी) करते हैं। स्थिति इतनी बदतर हो गई है कि संभ्रांत परिवारों की महिलाओं और बच्चों का इस मार्ग से पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।

व्यापार पर बुरा असर और ट्रैफिक जाम

गीतांजलि भवन जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र के सामने स्थित होने के कारण यहाँ दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। ग्राहकों को दुकान तक पहुँचने में दिक्कत होती है, जिससे स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

“आबकारी नियमों के अनुसार शराब दुकान स्कूल, मंदिर और मुख्य मार्ग से दूर होनी चाहिए। यहाँ की स्थिति अत्यंत विस्फोटक है और लोगों में भारी आक्रोश है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती है।”

— मध्य नगरीय व्यापारी संघ, कोरबा

व्यापारी संघ ने कहा है कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए इस दुकान को जल्द से जल्द हटाया जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, कोरबा को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।