जशपुर में मानवता शर्मसार: 13 वर्षीय पहाड़ी कोरवा नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, 8 आरोपी हिरासत में

✍️ भागीरथी यादव

 

 

जशपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक 8 युवकों को हिरासत में ले लिया है।

पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों ने बनाया शिकार

घटना 17 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़िता, जो कि एक विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय से है, अपनी बड़ी बहन के साथ रिश्तेदार के घर से वापस लौट रही थी। इसी दौरान पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों के एक समूह ने उनका रास्ता रोक लिया।

दरिंदों ने नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया। इस दौरान पीड़िता की बड़ी बहन किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही और ग्रामीणों को सूचना दी।

 मामले को दबाने की कोशिश

हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस जघन्य अपराध के बाद गांव में एक बैठक बुलाई गई थी। कथित तौर पर मामले को सामाजिक स्तर पर ही सुलझाने और रफा-दफा करने की कोशिश की गई। हालांकि, मामला पुलिस तक पहुँच गया।

पुलिस की सख्त कार्रवाई

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

हिरासत में: पुलिस ने 8 संदेहियों को पकड़ लिया है।

पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर चुकी है और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इस मामले में नाबालिग की सुरक्षा और पहचान को गोपनीय रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे कानून को अपने हाथ में न लें और जांच में सहयोग करें।