
सुशील जायसवाल
कोरबी–चोटिया। पुलिस चौकी कोरबी क्षेत्र के ग्राम पोड़ी खुर्द के पास स्थित हनुमान मंदिर घाट के नीचे अंधे मोड़ पर गुरुवार (12 मार्च) को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का दायां पैर बुरी तरह कुचलकर चकनाचूर हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, चोटिया की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 04 NU 3477 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कोरबी की ओर जा रही मोटरसाइकिल CG 12 BM 6348 को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक में सवार संजय बिंझवार (35 वर्ष) पिता आनंद राम बिंझवार, निवासी चारपारा पोड़ी खुर्द, अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका दायां पैर गंभीर रूप से कुचल गया।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल संजय बिंझवार को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा भेजा गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि हनुमान मंदिर घाट के पास स्थित यह अंधा मोड़ हादसों का केंद्र बन चुका है। यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों की जान-माल को लगातार खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






