
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुकदा में झाड़-फूंक के बहाने घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने वाली फरार महिला को पुलिस ने दो साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो (19) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात उसके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई कानगो ने झाड़-फूंक कराने के लिए ग्राम जाली थाना रतनपुर निवासी जनक राम सौरा और उसकी पत्नी को घर बुलाया था।
झाड़-फूंक के दौरान घर की एक पेटी में 50 हजार रुपये नकद, लगभग 40 ग्राम चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया, दो सोने की फुली और दो चांदी की अंगूठियां रखकर ताला बंद कर दिया गया था। इसके बाद जनक राम सौरा ने परिवार के सदस्यों को नींबू देकर आंगन व अन्य स्थानों पर गाड़ने के लिए भेज दिया।
करीब दस मिनट बाद जब परिवार के लोग वापस कमरे में पहुंचे तो आरोपी दंपत्ति यह कहकर चले गए कि रात भर दिया जलता रहने दें और पेटी को न खोलें। अगले दिन जब पेटी खोली गई तो उसमें रखी नकदी और जेवर गायब मिले। मामले में करीब 60 हजार रुपये की चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान जानकारी मिली कि आरोपी जनक राम सौरा की मृत्यु हो चुकी है और उसकी पत्नी जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी।
14 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ महिलाएं चकरभाठा क्षेत्र में घूम रही हैं। पुलिस ने महिला आरक्षक की मदद से पूछताछ की तो एक महिला अपना नाम-पता गलत बताने लगी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) निवासी जाली, हाल मुकाम सौरा मोहल्ला चकरभाठा होना स्वीकार किया।
जांच में उसके खिलाफ चोरी की घटना में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।







