
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र में हुए हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के चलते दोस्तों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को संबलपुरी निवासी कृष्णा कौशिक ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई सतीश कौशिक की अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट कर हत्या कर दी गई है। मामले में मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 254/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान संदेहियों के रूप में राकेश कौशिक उर्फ छोटू (38) और गणेश कौशिक (36), दोनों निवासी संबलपुर, घटना के बाद से फरार थे। 16 मार्च को बीट आरक्षकों को सूचना मिली कि दोनों आरोपी ग्राम पांड क्षेत्र में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मेण्ड्रा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे मृतक सतीश कौशिक के साथ शराब पीने गए थे। नशे की हालत में मृतक द्वारा गाली-गलौच करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों भाइयों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान सतीश को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार होकर अलग-अलग स्थानों पर छिपे हुए थे और बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और बीट स्टाफ की मुस्तैदी से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में थाना सकरी पुलिस की टीम और बीट आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।








