
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में बकरी-बकरा चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। ग्राम सेवार और सारधा से एक साथ 37 नग बकरी-बकरा चोरी होने के मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके अन्य साथी अभी भी फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक, 15 मार्च 2026 को पीड़ित ने थाना चकरभाठा में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके 37 बकरी-बकरों को रातों-रात पार कर ले गए। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और टीम बनाकर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज ने इस पूरे मामले का राज खोल दिया।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों—हेमराज उर्फ हेमू उर्फ राहुल साहू (18 वर्ष) और नजीर खान उर्फ मजीद खान (20 वर्ष)—को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपियों ने चोरी के बकरों में से कुछ को काटकर बेच भी दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 बकरों की बिक्री से मिले 4000 रुपए नगद जब्त किए हैं। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 77 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।
👉 चकरभाठा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
