
सुशील जायसवाल
कोरबी/चोटिया (कोरबा), 19 मार्च 2026। हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत चोटिया-कोरबी क्षेत्र में भव्य शौर्य यात्रा (बाइक रैली) का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत चोटिया चौक में भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद डीजे की धुन पर “जय श्रीराम” के नारों के बीच बाइक रैली निकाली गई, जो विभिन्न गांवों—लमना परला, घुचचापुर, लाद, पोड़ी खुर्द, रोदे, फुलसर और कोरबी—से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रैली का स्वागत किया और आतिशबाजी कर उत्साह व्यक्त किया।
रैली के दौरान विभिन्न हिंदू संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
आयोजकों ने बताया कि यह शौर्य यात्रा पिछले तीन वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और हर साल इसमें श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समर्पण और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
हिंदू नव वर्ष पर आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और सद्भाव का संदेश भी देते हैं।
