
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मनेन्द्रगढ़ स्थित शीतला माता मंदिर (मढ़िया) में इन दिनों आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है, जहां सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों का तांता लगा हुआ है।
नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान पूरा वातावरण माता के जयकारों से गूंज उठता है। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग—सभी वर्ग के श्रद्धालु माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
मंदिर में नौ दिनों तक मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित की जाती है, जिसे विशेष महत्व दिया जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, यही कारण है कि नवरात्रि में यहां भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है।
मंदिर के पुजारी के अनुसार, नवरात्रि के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन माता की अपार कृपा का प्रतीक है। पूरे नौ दिनों तक महाआरती, भंडारा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जाएगा।
सुबह 5 बजे से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है। विशेष पूजा-अर्चना और पाठ के कारण नवरात्रि में इस सिद्ध मंदिर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।
