
✍️ भागीरथी यादव
मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीट के सभ्य एवं जागरूक नागरिकों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ठाकुरदेवा निवासी विनोद मिरी उर्फ मजनू (42 वर्ष) अपने किराना दुकान में देसी शराब बेचकर अवैध लाभ कमा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद चौकी मल्हार पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में आरक्षक किसान राय एवं रमेश साहू के साथ आरोपी के दुकान पर दबिश दी।
रेड के दौरान आरोपी को मौके पर ही 55 नग प्लेन देसी शराब बेचते हुए पकड़ा गया। साथ ही बिक्री की नगद राशि 150 रुपये भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
