घर बैठे मिल रही परिवहन सेवाएं, ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ से आसान हुई राह

✍️ भागीरथी यादव

 

 

2025-26 में 26,320 ड्राइविंग लाइसेंस जारी, सेवाओं में तेजी से बढ़ोतरी

कोरबा, 25 मार्च 2026।

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘तुंहर सरकार तुंहर द्वार’ के तहत परिवहन विभाग द्वारा दी जा रही घर पहुंच सेवाएं आम नागरिकों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित हो रही हैं। अब लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि ये दस्तावेज सीधे उनके घर तक पहुंचाए जा रहे हैं।

परिवहन विभाग द्वारा स्मार्ट कार्ड आधारित ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी को समयबद्ध तरीके से आवेदकों के पते पर भेजा जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और नागरिकों को सरल व सहज सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस योजना के प्रभाव से परिवहन सेवाओं में न केवल सुधार हुआ है, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। वाहन स्वामियों को आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिना किसी परेशानी के घर बैठे ही दस्तावेज मिल रहे हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है। साथ ही, यह पहल सड़क सुरक्षा, नियंत्रित गति और पर्यावरण नियमों के पालन के प्रति भी लोगों को प्रेरित कर रही है।

जिला परिवहन अधिकारी श्री विवेक सिन्हा के अनुसार, कोरबा जिले में इस योजना के सकारात्मक परिणाम आंकड़ों में स्पष्ट नजर आ रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 52,076 दस्तावेज वितरित किए गए थे, जिनमें 27,253 पंजीकरण प्रमाणपत्र और 24,823 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल थे। वहीं, वर्ष 2025-26 में अब तक 58,850 दस्तावेजों का वितरण किया जा चुका है, जिनमें 32,530 आरसी और 26,320 ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं।

बढ़ते आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि यह योजना आम जनता के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है और परिवहन सेवाओं तक पहुंच को पहले से अधिक आसान बना रही है।