
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा : नगर निगम क्षेत्र के व्यस्ततम घंटाघर इलाके में अतिक्रमण का मामला अब खुलकर सामने आ चुका है। बिलासा ब्लड बैंक के पास स्थित निगम कॉम्प्लेक्स की सार्वजनिक सीढ़ियों पर अवैध रूप से दुकान
संचालित किए जाने से आम लोगों का रास्ता लगभग बंद हो गया है।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, यह सीढ़ियां वर्षों से आम जनता के उपयोग के लिए खुली थीं, लेकिन अब इन पर कब्जा कर व्यापारिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। स्थिति यह है कि लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आस-पास के दुकानदारों और रहवासियों का कहना है कि यह कब्जा किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि पास में संचालित चाय बार के संचालक द्वारा धीरे-धीरे किया गया है। पहले सीमित जगह घेरकर शुरुआत की गई और अब पूरी सीढ़ियों को दुकान में तब्दील कर दिया गया है।
प्रशासन पर सवाल:
सबसे बड़ी बात यह है कि इतनी प्रमुख जगह पर हो रहे इस अतिक्रमण से नगर निगम प्रशासन अनजान कैसे रह सकता है? या फिर जानकारी के बावजूद कार्रवाई न होना किसी और कहानी की ओर इशारा करता है?
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि यदि आम नागरिक छोटे स्तर पर भी नियमों का उल्लंघन करता है तो तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन इस तरह के खुले अतिक्रमण पर चुप्पी समझ से परे है।
जनता की मांग:
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने, सार्वजनिक मार्ग को बहाल करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है या फिर यह मुद्दा भी बाकी मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।
