
सुशील जायसवाल
सरपंच परिवार पर मनमानी के आरोप, गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
पोड़ी उपरोड़ा–कोरबा।
जिले के पोड़ी-उपरोड़ा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गुरसिया में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरसिया बस्ती के केरिमाठा क्षेत्र में स्थित पुराने एवं जर्जर आंगनबाड़ी भवन को तोड़कर नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। मौके पर यह पाया गया कि पुराने भवन से निकाली गई ईंटों का ही दोबारा उपयोग किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य सरपंच पति और उनके पुत्र के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसमें नियमों और तकनीकी मानकों की अनदेखी की जा रही है। निर्माण स्थल पर न तो गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और न ही निर्माण कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी निगरानी दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दीवारों में कमजोर और पुरानी ईंटों का इस्तेमाल स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है, जो भविष्य में भवन की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
गौरतलब है कि यह पंचायत जनपद मुख्यालय के समीप स्थित है, इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही सामने आना जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बिना संबंधित इंजीनियर की मिलीभगत के इस प्रकार का निर्माण संभव नहीं है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों—निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों—के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो सके।
