
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, 30 मार्च 2026।
सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेलर बरभाठा में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पानी टंकी के पास एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को सूचक शत्रुहन धुरी ने मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराते हुए बताया कि राजू धुरी नामक व्यक्ति पानी टंकी की सीढ़ियों पर मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अनिल केंवट (40 वर्ष), निवासी सेलर बरभाठा ने बांस के डंडे से सिर पर वार कर राजू धुरी की हत्या की है। घटना 28 मार्च की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
बताया गया कि आरोपी पानी टंकी की रेलिंग पर सो रहा था, तभी मृतक वहां पहुंचकर उसे आवाज देने लगा। आरोपी ने उसे वहां से जाने के लिए कहा, लेकिन मृतक के नहीं जाने पर गुस्से में आकर आरोपी ने पास में रखे बांस के डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
