एक करोड़ के लेनदेन में 60 लाख की हेराफेरी! चावल जमा करने के नाम पर बनाए 8 फर्जी बिल, आरोपी गिरफ्तार देखें विडियो….

✍️ भागीरथी यादव

 

धमतरी। व्यावसायिक लेनदेन में भरोसे का फायदा उठाकर 60 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। चावल को एफसीआई गोदाम में जमा कराने के नाम पर आठ फर्जी इनवाइस और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये हड़पने के आरोप में कुरुद पुलिस ने महासमुंद निवासी एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरुद निवासी 48 वर्षीय उर्मिला शर्मा ने थाना कुरुद में शिकायत दर्ज कराई थी कि व्यावसायिक लेनदेन के सिलसिले में उन्होंने महासमुंद के वार्ड क्रमांक 30, आदर्श नगर निवासी विनय अग्रवाल (52) को केनरा बैंक के माध्यम से आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल एक करोड़ रुपये हस्तांतरित किए थे। आरोप है कि आरोपी ने इसमें से 40 लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगा।

 

शिकायत के मुताबिक, बकाया रकम हड़पने की नीयत से आरोपी ने 16 जून 2023 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल एफसीआई मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर आठ फर्जी इनवाइस और बिल तैयार कर प्रार्थिया के सामने प्रस्तुत किए। जांच के दौरान इन दस्तावेजों की तारीखों और तथ्यों में विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद मामले में धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल का संदेह गहराया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में कुरुद पुलिस ने जांच और पतासाजी शुरू की। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 397/2026 के तहत धारा 467, 468, 471 एवं 420 भादवि में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय अग्रवाल को महासमुंद से हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

धमतरी पुलिस ने व्यवसायियों से अपील की है कि बड़े आर्थिक लेनदेन के दौरान बिल, इनवाइस, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों का अच्छी तरह सत्यापन करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।