मितानिन दिवस पर केंदई में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सम्मान, साड़ी और फूल भेंटकर बढ़ाया उत्साह

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबा (केंदई)। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत केंदई में सोमवार, 23 नवंबर को मितानिन दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान गांव की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली मितानिनों का जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने साड़ी और फूल भेंटकर सम्मान किया। उनके सेवा, समर्पण और समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य जवाहर सिंह बिंझवार, ग्राम पंचायत केंदई की सरपंच कुंती सिंह बिंझवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष ऋषि प्रजापति सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने मितानिनों को सम्मानित करते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में मितानिनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

 

वक्ताओं ने कहा कि मितानिनें गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य की देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। दुर्गम क्षेत्रों में भी वे विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देती हैं।

 

उन्होंने कहा कि मितानिनें स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीण परिवारों के बीच एक मजबूत कड़ी हैं। उनका योगदान केवल जिम्मेदारी निभाने तक सीमित नहीं, बल्कि यह समाज सेवा, मानवीय संवेदना और समर्पण का उदाहरण है। उनके प्रयासों से गांवों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

 

सम्मान प्राप्त करने वाली मितानिनों ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के माध्यम से उनके सेवा कार्यों को सम्मान देने के साथ उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

 

सुशील जायसवाल