पुलिस की दबिश के दौरान तालाब में कूदा ग्रामीण, डूबने से मौत; परिजनों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप…

✍️ भागीरथी यादव

 

जुआ खेलने की सूचना पर गांव पहुंची थी हसौद पुलिस, सुबह तालाब में मिला महेश राम केंवट का शव; निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग

 

सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान एक ग्रामीण की तालाब में डूबने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव में जुआ खेले जाने की सूचना पर रविवार देर रात पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान गांव निवासी महेश राम केंवट ने कथित तौर पर पुलिस से बचने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह लापता हो गया। सोमवार सुबह उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान महेश राम केंवट तालाब में कूद गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर उसके डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने तालाब में उसकी तलाश शुरू की। लगातार खोजबीन के बाद सोमवार सुबह उसका शव तालाब में बरामद किया गया।

 

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने महेश राम केंवट के साथ मारपीट की थी। इसी से बचने के लिए वह घबराकर तालाब में कूद गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

 

इधर, पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले को लेकर सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पहले गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों और परिजनों की निगाहें अब जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।