चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। कोनी पुलिस ने कोनी-मोपका बायपास रोड पर चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 16,730 रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को कोनी-मोपका बायपास रोड पर कटनी (मध्यप्रदेश) निवासी बसंत कुमार मैहर और उसके दोस्त को अज्ञात आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और दो मोबाइल फोन तथा नगदी लूटकर फरार हो गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर पतासाजी की गई। संदेह के आधार पर राजेश सूर्यवंशी (19), दुर्गेश लोनिया (28) और दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा (19), सभी निवासी ग्राम बरपाली, थाना कोनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और पहचान कार्रवाई के बाद आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर दो मोबाइल फोन और 230 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 309(4), 310(2) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं तीन विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को बाल न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया है।