✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के पहंदा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शहलाद सिंह कंवर के रूप में हुई है। घटना रेलवे फाटक के पास करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शहलाद सिंह कंवर खेती-किसानी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक वह सुबह घर से निकलकर रेलवे फाटक की ओर गया था। इसी दौरान उसने आती हुई ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। रेलवे फाटक पर ड्यूटी में तैनात गेटमैन ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लंबे समय से मानसिक तनाव में था
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शहलाद पिछले दो-तीन वर्षों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिवार की ओर से उसका कई बार उपचार भी कराया गया था, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
