कोरबा: आंगन मिलन उत्सव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, पोषण पर माताओं को किया जागरूक….

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबी-चोटिया/सिरमिना। सिरमिना मंडल के ग्राम पंचायत नवापारा एवं अटारी स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को लेकर माताओं के साथ चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके सेवा और समर्पण की सराहना करते हुए अतिथियों ने उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम में कुपोषण के उन्मूलन और संतुलित आहार को लेकर माताओं को जागरूक किया गया। इस दौरान स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्रियों से तैयार व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। माताओं को बताया गया कि घर में उपलब्ध सामग्री से बच्चों के लिए स्वादिष्ट और पोषणयुक्त भोजन तैयार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में सुश्री रीता उइके (अध्यक्ष), श्रीमती कमला देवी (सदस्य) तथा ग्राम पंचायत नवापारा की सरपंच श्रीमती रीता देवी पुलस्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत और सशक्त भविष्य की नींव है।

समापन अवसर पर ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं और बच्चों ने एक साथ भोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।