फुलसर में ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

सुशील जयसवाल

 

 

कोरबी-चोटिया (रोदे)। सिरमिना मंडल के ग्राम पंचायत रोदे के आश्रित ग्राम फुलसर में मंगलवार को ‘आंगन मिलन उत्सव’ का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सर्वांगीण विकास को लेकर माताओं के साथ जागरूकता चर्चा की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके सेवा और समर्पण के लिए पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कुपोषण उन्मूलन और संतुलित आहार पर विशेष चर्चा हुई। माताओं को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम में रीता उइके (अध्यक्ष) और सुशीला कंवर, सरपंच ग्राम पंचायत रोदे सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि स्वस्थ बचपन ही सशक्त भविष्य की नींव है।

समापन अवसर पर ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं और बच्चों ने साथ बैठकर भोजन किया। इससे सामाजिक समरसता और आपसी अपनत्व का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कंवलिया बाई, मितानिन रामबाई, श्याम बाई, संतोषी कोराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।