सुशील जयसवाल
आंजन नाला घाटी में शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कोरबी-चोटिया/कोरबा। पसान थाना क्षेत्र की कोरबी चौकी के सीमावर्ती आंजन नाला घाटी के घनघोर जंगल में मंगलवार को एक अधेड़ महिला की सड़ी-गली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान जगमनिया धनुहार (पति सेवाराम धनुहार) निवासी ग्राम बरतराई, थाना कटघोरा के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसका पति सेवाराम धनुहार फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, जगमनिया धनुहार 24 सितंबर को अपने पति के साथ कर्मा पर्व मनाने ग्राम बुढ़ापारा के लोटिया कछार गई थी। इसके बाद वह लापता हो गई थी। करीब छह दिन बाद दमहामुड़ा-आंजन नाला पहाड़ी के पीछे घने जंगल में झाड़ियों के बीच साड़ी में लिपटा उसका शव बरामद हुआ।
सूचना पर कोरबी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एवं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पति की तलाश में जुटी पुलिस
चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार पति सेवाराम धनुहार की तलाश में संभावित ठिकानों और आसपास के जंगलों में दबिश दे रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
