✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। ग्राम बरबसपुर में आबकारी विभाग द्वारा नई शराब दुकान खोले जाने के प्रस्ताव का स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। ग्रामीणों के बुलावे पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल अपने कांग्रेस नेताओं के साथ बरबसपुर पहुंचे और धरने पर बैठे ग्रामीणों एवं महिलाओं को अपना समर्थन दिया।
इस दौरान जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि जब पूरे गांव के लोग शराब दुकान का विरोध कर रहे हैं तो आबकारी विभाग को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जबरन दुकान नहीं खोलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बरबसपुर में शराब दुकान खुलने से रापाखर्रा, भिलाईखुर्द, कर्रानाला सहित आसपास के कई गांवों का सामाजिक माहौल प्रभावित होगा। भले ही ये क्षेत्र नगर निगम की सीमा में आते हों, लेकिन यहां आज भी ग्रामीण परिवेश और पारंपरिक जीवनशैली कायम है।

उन्होंने कहा कि यहां के अधिकांश परिवार खेती-किसानी और मजदूरी पर निर्भर हैं तथा बच्चों की पढ़ाई से लेकर इलाज तक का खर्च इसी आय से चलता है। ऐसे में शराब दुकान खुलने से सामाजिक और आर्थिक दोनों तरह की समस्याएं बढ़ेंगी।
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि रामपुर एवं पथर्रीपारा-मानसनगर क्षेत्र के लोग वर्षों से शराब दुकान के कारण परेशान हैं। यदि इस दुकान का लगातार विरोध हो रहा है तो आबकारी विभाग को इसे स्थायी रूप से बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, “ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी। एक दुकान बंद होने से आबकारी विभाग का खजाना खाली नहीं हो जाएगा।”
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी मौजूद रहीं और शराब दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। जयसिंह अग्रवाल के पहुंचते ही समर्थकों ने “जयसिंह भैया जिंदाबाद” के नारे लगाए।
उन्होंने उस भवन के मालिक से दूरभाष पर चर्चा की, जहां शराब दुकान संचालित किए जाने की तैयारी थी। बातचीत के बाद मकान मालिक ने आश्वासन दिया कि वह शराब दुकान के लिए अपना भवन उपलब्ध नहीं कराएगा तथा इस संबंध में आबकारी विभाग को लिखित सूचना भी देगा।
जयसिंह अग्रवाल ने आबकारी विभाग के अधिकारी राकेश राठौर से भी फोन पर बातचीत कर कड़ी आपत्ति जताई और स्पष्ट कहा कि बरबसपुर में शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। उन्होंने राज्य के आबकारी मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में अवैध शराब और ओवररेटिंग पर शराब बिक्री धड़ल्ले से जारी है।
अंत में उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और जनहित के इस आंदोलन में हर संभव सहयोग करेंगे।
